उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा इलाके की घटना पर सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर जबर्दस्त निशाना साधा है। उन्होंने सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आप लोगों के चक्कर में आपके ‘इमरान एंड फ्रेंड्स’ ने पुलिस के इकबाल को चुनौती दे दी। लखनऊ के पारा इलाके का मामला पता है न? उन्होंने कहावत के जरिए तंज कसा कि एक कहावत है, गांव बसा नहीं, लुटेरे पहले आ गए। यही स्थिति पारा में दिखी। आजम खान को सपा सरकार में गृह मंत्री बनाने की बात क्या कर दिए, आपका पीडीए यानी ‘पीट देगा अशफाक’ गैंग तो ढेर जोश में आ गया है।
लखनऊ के पारा इलाके में नगर निगम और पुलिस की टीम पर अवैध डेयरी के खिलाफ एक्शन के क्रम में हमले का मामला सामने आया है। रविवार को यह घटना घटी थी। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल को एक युवक गले से पकड़ कर जमीन पर पटक रहा है। वीडियो बना रहे व्यक्ति को एक महिला ऐसा करने से रोकती दिखी है। मामला सामने आने के बाद दरोगा की तहरीर पर दो महिला समेत 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मामले में 10 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ओम प्रकाश राजभर ने इसी मुद्दे पर अखिलेश यादव के खिलाफ जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि आपलोग आजम खान को गृहमंत्री बनाने की बात कर मुजफ्फरनगर जैसा दंगा प्रदेश के शहर-शहर में शुरू कराना चाहते हैं। आपलोगों ने यही सपना पाला हुआ है। यह सपना सच नहीं होने वाला है।
