फर्रुखाबाद:पांचालघाट पर डीआईजी और एसपी ने परखी सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अगस्त 2026 पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर श्री यमुना प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह ने सोमवार को थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित पांचालघाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं, घाटों पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल की ड्यूटी, गोताखोरों की तैनाती तथा जल पुलिस की व्यवस्था का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को भी परखा।

डीआईजी एवं एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही पुलिस बल एवं जल पुलिस की ड्यूटी को प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं में सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी, समन्वित एवं तत्परता के साथ संचालित करने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Comment