पतेड़ मंगरावां स्कूल में भारत स्काउट एंड गाइड का 5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
-भिण्डस टीओपी प्रभारी ने बच्चों को अनुशासन और सेवा भावना के दिए गुर
गया से उपेन्द्र पथिक द्वारा
वज़ीरगंज प्रखंड अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पतेड़ मंगरावां में आयोजित स्काउट एंड गाइड का पांच दिवसीय प्रथम सोपान प्रशिक्षण कार्यक्रम का समारोहपूर्वक समापन हुआ।
समापन समारोह में वज़ीरगंज थाना के भिण्डस टीओपी प्रभारी अपनी टीम के साथ शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को स्काउट एंड गाइड के उद्देश्य, अनुशासन, सेवा भावना, आपदा के समय सहायता, नेतृत्व क्षमता तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्वेता सिंह एवं शिक्षकों ने प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
जिला प्रशिक्षण पर्यवेक्षक शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि स्काउट एंड गाइड का प्रशिक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे बच्चों की मानसिक एवं बौद्धिक क्षमता का विकास होने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाना है।
इस अवसर पर अमित कुमार, राकेश कुमार,विकास कुमार, संतोष कुमार, सुमंती कुमारी, नाज़ मैम, आदि शिक्षक मौजूद थे।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यवहारिक जीवन की महत्वपूर्ण सीख भी मिलती है।समापन समारोह में विद्यालय परिवार, प्रशिक्षक, पुलिस टीम एवं स्काउट एंड गाइड के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
गया: स्काउट एंड गाइड का प्रशिक्षण संपन्न
