फर्रुखाबाद में गरिमा और भव्यता के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, वीर सपूतों को किया नमन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2026 देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण भव्यता, गरिमा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, कैलाश सिंह राजपूत मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की। इस अवसर पर विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

स्वतंत्रता दिवस के निर्धारित कार्यक्रम के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रातः 7:30 बजे जेएनबी रोड स्थित भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रातः 8 बजे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक उच्चारण के पश्चात ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का वाचन हुआ। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके उपरांत सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन का सम्मान

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा का माल्यार्पण कर शॉल भेंट करते हुए सम्मान किया गया।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन जरूरी : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश को आजादी दिलाने के साथ हम सभी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। आजादी का वास्तविक अर्थ अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संकल्प लेना चाहिए। ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करके ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि फर्रुखाबाद में विकास, बेहतर सड़कें, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ, महिलाओं एवं बेटियों को सुरक्षित वातावरण तथा गरीब से गरीब व्यक्ति तक शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में है।

उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना, जल संरक्षण करना, पौधे लगाना, सड़क सुरक्षा का ध्यान रखना, बेटियों की शिक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना और अफवाहों के बजाय सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सरकारी कार्यालय में आने वाला नागरिक उम्मीद लेकर आता है, इसलिए प्रयास होना चाहिए कि जरूरतमंद व्यक्ति कार्यालय से सम्मान लेकर वापस जाए। यही सुशासन एवं लोकतंत्र का मूल उद्देश्य है।

एक पौधा, एक बचाई हुई जान और एक बच्चे की शिक्षा भी राष्ट्र निर्माण : डीएम

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि एक ईमानदार निर्णय, एक लगाया हुआ पौधा, एक बचाई हुई जान, एक पढ़ाया हुआ बच्चा, एक जरूरतमंद की मदद तथा एक बेटी की सुरक्षा एवं सम्मान भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को ऐसा भारत देना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कर्तव्यों और अधिकारों का जीवन में क्रियान्वयन जरूरी : विधायक भोजपुर

विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध होना चाहिए। इनका जीवन में पूर्ण रूप से क्रियान्वयन होने पर ही स्वतंत्रता को स्थायी रूप से मजबूत बनाया जा सकता है और देश निरंतर उन्नति के पथ पर आगे बढ़ेगा।

महान विभूतियों ने विश्व का मार्गदर्शन किया : विधायक अमृतपुर

विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि भारत की महान परंपरा में महाभारत, रामायण और गीता जैसी अमूल्य धरोहरें हैं। देश की महान विभूतियों और संतों ने संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के इतिहास में प्रत्येक परिवार का किसी न किसी रूप में योगदान रहा है।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा की उपस्थिति को स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली विरासत का जीवंत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

हर घर तिरंगा अभियान से स्वतंत्रता सेनानियों को नमन : मंत्री

मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि देशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया जा रहा है। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अपराध मुक्त प्रदेश के निर्माण के लिए सरकार द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर द्वारा जनपद में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान जनपद कवि शिवओम अंबर, जिला आबकारी अधिकारी गुरु प्रसाद गुप्ता, भूपेंद्र सिंह तथा विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति एवं भारत की गौरवगाथा पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों को मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कारागारों में बंदियों का जाना हाल, फल-मिष्ठान वितरित

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्रीय कारागार, जिला कारागार एवं महिला बंदी कारागार के चिकित्सालय का निरीक्षण कर बंदियों का कुशलक्षेम जाना। इस दौरान बंदियों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए गए तथा कारागार परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment