फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2026 संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन ने 13 अगस्त को धूमधाम से ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा बाहिदपुर से शुरू होकर आलू मंडी सातनपुर, फर्रुखाबाद तक पहुंची। बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टरों पर तिरंगा और संगठन का झंडा लगाया। सैकड़ों किसान पैदल भी यात्रा में शामिल हुए और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ देशभक्ति गीतों पर उत्साह जताया।
यात्रा का नेतृत्व भाकियू टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने किया। आलू मंडी सातनपुर पहुंचने पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने किसानों से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन किसानों, मजदूरों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने जिला प्रशासन से किसानों की जमीनों के संबंध में संवेदनशीलता बरतने तथा किसानों की फसल की उचित कीमत और एमएसपी गारंटी कानून की दिशा में काम करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि अब किसानों को एकजुट होने का समय आ गया है और बड़े आंदोलन की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। उन्होंने लिंक एक्सप्रेसवे और औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीन लिए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखकर भूमि अधिग्रहण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे में छोटे-छोटे कट बनाए जा सकते हैं तो हजारों बीघा जमीन लिए जाने का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने बराकेशव में चल रही चकबंदी पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चकबंदी के दौरान किसानों की खड़ी धान की फसल प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि फसल को बर्बाद करके चकबंदी किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और संगठन इस मामले में जल्द ठोस रणनीति तैयार करेगा।
मक्का खरीद को लेकर भी उठाए सवाल
ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा के दौरान जिला अध्यक्ष ने जनपद में संचालित मक्का क्रय केंद्रों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने किसानों से पूछा कि कितने किसानों ने सरकारी क्रय केंद्रों पर मक्का बेची है। इस पर एक किसान द्वारा हाथ उठाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को पंजीकरण और सत्यापन के बाद भी खरीद केंद्रों पर टोकन नहीं मिलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन के हस्तक्षेप के बाद एक किसान की मक्का सरकारी क्रय केंद्र पर बिक सकी। अजय कटियार ने किसानों से अपील की कि आने वाले समय में जनप्रतिनिधियों से खाद की उपलब्धता और मक्का की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित कराने को लेकर सवाल किए जाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में किसानों की मक्का खरीद में अनियमितताएं हुई हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
एसडीएम को सौंपा मांग पत्र
यात्रा के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन भी प्रस्तुत किया गया। मांग पत्र अमृतपुर एसडीएम न्यायिक को सौंपा गया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया।
इस अवसर पर कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, विजय सिंह शाक्य, जिला सचिव सुशील दीक्षित, पुजारी कटियार, सुग्रीव पाल, बिजनेश यादव, कश्मीर सिंह गंगवार, अनीश सिंह, सोनू सोमवंशी, रामप्रकाश पाल, अंकेश गंगवार, रेहान खान, शिवराम शाक्य, टिंकू यादव, राजीव उर्फ बड़े, प्रदीप यादव, सतीश कठेरिया, दीपक राठौर, रजत गंगवार, तोता कटियार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
