फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिले के विकास कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और कानून व्यवस्था की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, विधायक अमृतपुर श्री सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर श्री नागेंद्र सिंह राठौर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद्र वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बाढ़ राहत कार्यों की सराहना
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों, राहत राशि के वितरण, पट्टा आवंटन तथा अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकानों का कटान हुआ है, उन्हें शासन द्वारा निर्धारित राहत राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही जिन परिवारों ने बाढ़ के प्रभाव में अपना आशियाना खोया है, उन्हें ग्राम समाज की भूमि का पट्टा आवंटित किया जाएगा।
लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। स्वीकृति पत्र प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में लगे क्षेत्रीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर संबंधित मजरों में भी साझा कराने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं विकासखंड स्तर पर अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवाएं एवं टीकाकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
किसानों को दिन में 9 से 10 घंटे बिजली देने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने कृषि कार्यों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय 9 से 10 घंटे एकमुश्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों एवं संयोजकों की शिकायत मिलने के बाद निर्धारित समय में मरम्मत कराने को कहा।
उन्होंने एएनएम सेंटर, पीएचसी एवं ट्रामा सेंटर के पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की सूची उपलब्ध कराने तथा लक्षित निर्माण कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गड्ढामुक्त की गई सड़कों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा।
कानून व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने पर जोर दिया।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद के विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने जनसमस्याओं के प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपद में संचालित विकास कार्यक्रमों, विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी प्रभारी मंत्री को दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आनन्द उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीरेंद्र कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. मकबूल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
