फर्रुखाबाद में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बेसिक शिक्षा विभाग ने दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत फर्रुखाबाद में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पटेल पार्क से स्वराज कुटीर तक निकली इस गौरवमयी यात्रा में बेसिक शिक्षा विभाग ने उत्साह और देशभक्ति के साथ प्रमुखता से सहभागिता की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री श्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी मौजूदगी ने तिरंगा यात्रा के उत्साह और भव्यता को और बढ़ाया।

तिरंगा यात्रा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे नन्हे छात्र-छात्राओं में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखते ही बन रहा था।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय और राष्ट्रप्रेम के नारों से वातावरण गूंज उठा। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देते हुए नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है। तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।

हमारा तिरंगा—हमारी शान, देश की आन और देश की पहचान।

Leave a Comment