फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर बैठक, 83,710 प्रशासनिक मामले चिन्हित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2026 आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रशासनिक मामलों के संबंध में तैयारी बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नीरज कुमार के निर्देशन में एडीआर भवन में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता श्री संजय कुमार-VI, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, फर्रूखाबाद ने की। बैठक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया।

नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण योग्य राजस्व, चकबंदी, लघु फौजदारी, विद्युत विभाग सहित अन्य मामलों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित किया जाए, ताकि लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशासन की ओर से अब तक कुल 83,710 मामलों को चिन्हित किया गया है। इनमें 248 राजस्व वाद, 861 फौजदारी वाद तथा 82,601 प्रकीर्ण वाद शामिल हैं।

बैठक में अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र मामलों के अधिकाधिक निस्तारण के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मो. शमीम अंसारी (उपखंड अधिकारी), श्री दिनेश कुमार (उपखंड अधिकारी), श्री मासूम अली अंसारी (अवर अभियंता), श्री राजेश कुमार श्रीवास्तव (सहायक चकबंदी अधिकारी), श्री राधारमन सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment