फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में बैंक एवं बैंक प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और शासन की प्राथमिकता वाली बैंक प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बैंकवार एवं योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ऋण संबंधी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने तथा बैंक अधिकारियों को अनावश्यक रूप से किसी भी आवेदन को लंबित न रखने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की समीक्षा
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीएम ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं, उद्यमियों, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि जनपद में स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सके।
उन्होंने बैंकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं के बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने तथा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बैंक प्रायोजित योजनाओं में ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
खराब सीडी रेशियो पर डीएम ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, कैनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक एवं इंडियन बैंक के क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात (CD Ratio) की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित बैंक प्रबंधकों को सीडी रेशियो में सुधार लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बैंक जनपद में उपलब्ध जमा धनराशि के अनुरूप ऋण वितरण को बढ़ावा दें, जिससे किसानों, युवाओं, उद्यमियों और अन्य पात्र लाभार्थियों को आर्थिक गतिविधियों के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता मिल सके।
निरस्त आवेदनों का पुनः सत्यापन कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बैंक स्तर पर निरस्त किए गए आवेदनों का पुनः सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सत्यापन की आख्या उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पुनः सत्यापन के दौरान यदि किसी आवेदन के निरस्तीकरण में अनियमितता अथवा बैंक स्तर से दोषपूर्ण कार्यशैली सामने आती है तो इसकी जानकारी शासन को उपलब्ध कराई जाए।
बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसान क्रेडिट कार्ड धारक कृषकों को विशेष प्राथमिकता देते हुए फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को उनकी फसल की क्षति के लिए फसल बीमा योजना के तहत पात्रता के अनुसार लाभ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं बैंकों को आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सुमित अग्निहोत्री, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुषमा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
