लखीमपुर खीरी : सावन मेले में पहचान छिपाकर बेचे जा रहे थे खाद्य पदार्थ, भारतीय बजरंग दल ने जताई नाराजगी

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) सावन के पवित्र माह में छोटी काशी गोला में कांवड़ियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच खाद्य पदार्थों की बिक्री में कथित रूप से पहचान छिपाने का मामला सामने आया है। शनिवार रात्रि लगभग 9 बजे भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अनूप गुप्ता के नेतृत्व मे कार्यकर्ताओं ने नानक चौकी के पास दो ऐसे वाहनों को पकड़ा जिन पर कथित तौर पर नाम बदलकर खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे थे। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तत्काल इसकी सूचना नानक चौकी प्रभारी को दी। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन ने इस विषय का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया। पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। जिलाध्यक्ष ने बताया जब उन्होंने गोला कोतवाली जाकर देखा तो राजनीतिक प्रभाव के द्वारा उन बहनों को छोड़ दिया गया था। शासन-प्रशासन द्वारा समय-समय पर खाद्य पदार्थों की बिक्री एवं दुकानदारों की पहचान को लेकर दिशा निर्देश जारी किए जाते हैं। जिलाध्यक्ष ने इसे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की लापरवाही बताया। उन्होंने बताया कि पूर्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दी गई थी लेकिन विभाग की तरफ से कोई भी उचित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा इस प्रकरण की खाद्य विभाग के अधिकारी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करे और ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सर्च अभियान चलाए जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति न रहे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कुछ लोग हिंदू नामों तथा सनातन धर्म के देवी-देवताओं के नाम वाले बोर्ड लगाकर खाद्य पदार्थ बेच रहे हैं, जिससे बाहर से आने वाले शिवभक्तों के भ्रमित होने की आशंका बनी रहती है। बजरंग दल ने प्रशासन से ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही नानक चौकी प्रभारी एवं प्रशासन से सावन मेले के दौरान खाद्य पदार्थ बेचने वाले वाहनों और दुकानों की पहचान एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए सघन अभियान चलाने का अनुरोध किया।

Leave a Comment