फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2026 श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, फतेहगढ़ ने थाना शमसाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ढाईघाट एवं बैरियर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आगामी सोमवार को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं आवागमन की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रमुख मार्गों एवं बैरियरों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए। भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के मद्देनजर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम तरीके से धार्मिक स्थलों तक पहुंच सकें।
