कासगंज :हर घर तिरंगा अभियान के तहत 6अगस्त से 8अगस्त तक होगें विविध कार्यक्रम

कासगंज। शासन के निर्देशानुसार जनपद में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत 6 अगस्त से 8 अगस्त, 2026 तक विभिन्न विभागों के समन्वय से देशभक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना तथा तिरंगे के सम्मान के प्रति व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद के सभी विद्यालयों की दीवारों एवं बोर्डों को तिरंगा थीम पर आधारित कलाकृतियों से सजाया जाएगा। इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे। संस्कृति मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रदर्शनी का शैक्षणिक संस्थानों एवं सरकारी भवनों में प्रदर्शन भी कराया जाएगा, जिसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसके नोडल अधिकारी भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थी सैनिकों एवं पुलिसकर्मियों के सम्मान में आभार पत्र लिखेंगे, जिन्हें डाक विभाग के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) होंगे। वहीं स्थानीय बाजारों में तिरंगा एवं उससे संबंधित सामग्री की बिक्री को प्रोत्साहित करते हुए आकर्षक तिरंगा सजावट कराई जाएगी, जिसके लिए समस्त उपजिलाधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए राष्ट्रीय ध्वजों की बिक्री सुनिश्चित कराने हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी एवं उपायुक्त स्वतः रोजगार को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इसके अतिरिक्त शहीद स्थलों, स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की विशेष साफ-सफाई, रंगाई-पुताई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जनपद में देशभक्ति का वातावरण सृजित हो सके। इस कार्यक्रम के लिए समस्त उपजिलाधिकारी नोडल अधिकारी होंगे।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन से अपील की है कि वे हर घर तिरंगा अभियान-2026 में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के इस महाअभियान को सफल बनाएं

Leave a Comment