फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने किया निरीक्षण, शरणालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अगस्त 2026 जनपद में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को सदर तहसील के विकासखंड बढ़पुर अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम बिलावलपुर एवं ग्राम धर्मपुर कटरी के मजरा पंखे नगला का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, पेयजल, दवाइयों तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। उन्होंने सभी राहत चौकियों और शरणालयों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव, गोताखोर, स्वास्थ्य टीम तथा आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।

डीएम ने जलभराव की स्थिति, संपर्क मार्गों और राहत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित चिकित्सा शिविर लगाने और दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पशुपालन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारा एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड बढ़पुर स्थित रहमानिया इंटर कॉलेज में बनाए गए अस्थायी शरणालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पेयजल, विद्युत, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, भोजन, महिलाओं एवं बच्चों की आवश्यक सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं हर समय सुचारु एवं पर्याप्त बनी रहें और किसी भी प्रकार की कमी तत्काल दूर की जाए।

डीएम ने निर्देश दिए कि शरणालयों में आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण रखा जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शिविर लगाकर उनका पंजीकरण कराया जाए तथा शरणार्थी बच्चों को निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने शरणालय में रह रहे लोगों और बच्चों को अपने हाथों से खाद्य सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को शरणालय की नियमित निगरानी करने और सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment