गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) भारतीय बजरंग दल गोला के पदाधिकारियों ने छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में आयोजित सावन मेले के दौरान प्रसाद एवं खाद्य सामग्री की दुकानों पर संचालक का नाम, खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जारी वैध लाइसेंस तथा खाद्य सामग्री की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराए जाने की मांग की है। भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित एक ज्ञापन खाद्य सुरक्षा अधिकारी जनपद लखीमपुर खीरी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी तहसील गोला को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुविधा, पारदर्शिता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए गोला तीर्थ शिव मंदिर सहित क्षेत्र के अहमदनगर स्थित क्लेशहरण मंदिर, कंजा स्थित हनुमान मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर प्रसाद, मिष्ठान, रेस्टोरेंट, चाट एवं अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर संचालक का नाम, खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जारी लाइसेंस तथा मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराई जाने की मांग की है।
भारतीय बजरंग दल के प्रदेश मंत्री अशोक जोशी ने बताया छोटी काशी गोला के श्रावण माह मेले में दूर दराज से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना कर देवाधिदेव महादेव के दर्शन करने के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कुछ दुकानदार अपनी पहचान छिपाकर प्रसाद एवं खाद्य सामग्री बेचते हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है कि विशेष समुदाय के दुकानदार अपनी पहचान छुपाकर प्रसाद व खाद्य सामग्री बेचते हैं, ऐसे दुकानदारों का लाइसेंस जारी करके संचालक का नाम चिन्हित किया जाए जिससे श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी दुकानों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक जानकारी प्रदर्शित की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
भारतीय बजरंग दल ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि सावन मेले के दौरान विशेष अभियान चलाकर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पारदर्शी एवं सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
भारतीय बजरंग दल ने सावन मेले में खाद्य दुकानों पर संचालक का नाम लाइसेंस सहित मूल्य सूची निर्धारण को लेकर दिया ज्ञापन
