लखीमपुर खीरी : कटान प्रभावित गांव पहुंचे डीएम ने किया निरीक्षण, हरसंभव सहायता और राहत कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) शारदा नदी के कटान से प्रभावित निघासन तहसील के ग्राम ग्रंट नंबर-12 में मंगलवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं सहायता कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। डीएम ने एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आकलन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं पुनर्वास से जुड़े सभी कार्य पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। तत्काल उपलब्ध कराई जा सकने वाली हर सहायता दी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम भी किए जाएंगे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और प्रभावित परिवारों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को गांव में खाद्यान्न किट का वितरण भी कराया जाएगा ताकि किसी परिवार को जरूरी सामान के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

Leave a Comment