फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जुलाई 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद फतेहगढ़ में तैनात उन 20 आरक्षियों को सम्मानित किया, जिनका उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 में अंतिम रूप से चयन हुआ है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने सभी नवचयनित उपनिरीक्षकों को भविष्य में भी अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम एवं सेवा भावना के साथ कार्य करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
एसपी आरती सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा में जिम्मेदारी और जनसेवा का विशेष महत्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपने उत्कृष्ट कार्यों से विभाग और जनपद का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह सम्मान समारोह पुलिस विभाग में कार्यरत जवानों के लिए प्रेरणास्रोत बना, जिससे अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से उच्च पदों पर पहुंचने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
