फर्रुखाबाद में स्वास्थ्य विभाग की नई पहल, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2026 जनपदवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सीयूजी नंबर के अतिरिक्त एक समर्पित हेल्पलाइन मोबाइल नंबर 9473720195 संचालित किया गया है।

इस हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिक कार्यालय समय में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपनी शिकायतें, सुझाव एवं समस्याएं सीधे दर्ज करा सकेंगे। विभाग का उद्देश्य शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक नागरिक तक बेहतर, जवाबदेह और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी सोच के तहत शिकायत निस्तारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाया गया है। हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारी को भेजा जाएगा तथा निर्धारित समयसीमा में उसका समाधान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यदि किसी सरकारी चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपकेंद्र अथवा स्वास्थ्य विभाग की किसी भी सेवा से संबंधित कोई समस्या या शिकायत हो तो नागरिक 9473720195 पर संपर्क कर अपनी बात दर्ज करा सकते हैं।

सीएमओ ने कहा कि शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू की गई इस हेल्पलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सहयोग करें।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहित सर्वोपरि की भावना के साथ प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment