फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन फतेहगढ़ में चल रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा के अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) प्रक्रिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल सभी अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।
निरीक्षण के दौरान एसपी आरती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर प्रदान किया जाए तथा भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
पुलिस प्रशासन द्वारा भर्ती स्थल पर सुरक्षा एवं निगरानी के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
