लखीमपुर खीरी : भाकियू एवं क्रांतिकारी किसान समिति ने बजाज ग्रुप अध्यक्ष कुशाग्र बजाज को संबोधित ज्ञापन मिल अधिकारियों को सौंपा

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) भारतीय किसान यूनियन एवं क्रांतिकारी किसान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन सिंह संधू के नेतृत्व में सोमवार को बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड गोला गोकर्णनाथ के वाइस प्रेसिडेंट राकेश यादव एवं केन मैनेजर पी.एस.चतुर्वेदी को बजाज ग्रुप के अध्यक्ष कुशाग्र बजाज के नाम एक संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया तथा मांग की गई कि किसानों का गन्ना भुगतान 14 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। यदि भुगतान में विलंब हो रहा है तो किसानों को ब्याज सहित गन्ने का भुगतान दिया जाए। साथ ही शुगर प्रमोशन पॉलिसी से जुड़े लंबित प्रकरण का शीघ्र समाधान कर किसानों को समय पर उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाया जाए आदि मांगे ज्ञापन के माध्यम से की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार और चीनी उद्योग के बीच यदि कोई वित्तीय विवाद है तो उसका बोझ किसानों पर नहीं डाला जाना चाहिए। किसान ने अपना दायित्व निभाते हुए समय पर गन्ना दिया है इसलिए उसकी गाढ़ी मेहनत की कमाई भी समय पर मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा किसान किसी से उपकार नहीं मांगता, वह केवल अपनी मेहनत का उचित और समय पर मूल्य चाहता है। उन्होंने कहा कि कुशाग्र बजाज किसानों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए ज्ञापन विषय पर गंभीरता से विचार करेंगे और उत्तर प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों के हित में सकारात्मक एवं किसानों के हित में फैसला लेंगे।
ज्ञापन देते समय कोषाध्यक्ष गुरविंदर सिंह,युवा जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पटेल,जिला उपाध्यक्ष राकेश वर्मा, युवा जिला उपाध्यक्ष उत्तम यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment