मिश्रिख सीतापुर। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सोमवार को समाधान दिवस के अवसर पर जनपद सीतापुर की सभी सात तहसीलों में भव्य मेगा ऋण मेले का आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न बैंकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आमजन एवं पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।मेले में आए आगंतुकों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से नया उद्योग, व्यापार एवं स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की जा सकती है।तहसील मिश्रिख में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामकृष्ण भार्गव ने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक दिव्यांग लाभार्थी को 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के चयनित लाभार्थियों को ऋण वितरण के चेक सौंपे तथा युवाओं से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि ऐसे ऋण मेलों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, स्ट्रीट वेंडरों एवं उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों, जिला प्रशासन, संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन जनपद में रोजगार सृजन, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बैंक अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। मेगा ऋण मेला जनपदवासियों के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने एवं वित्तीय सहायता हासिल करने का प्रभावी मंच साबित हुआ।
सीतापुर:मिश्रिख में आयोजित मेगा ऋण मेले में विधायक रामकृष्ण भार्गव ने लाभार्थियों को सौंपे ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक
