फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2026 जनपद के शमशाबाद विकासखंड क्षेत्र में बिना अनुमति सागौन के पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दर्जनों पेड़ों के कटने की पुष्टि हुई है और विभाग द्वारा जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मामला शमशाबाद विकासखंड के गांव नगला दमू (थाना नवाबगंज) का है, जहां लगभग तीन बीघा भूमि पर लगे सागौन के पेड़ों की लकड़ी ठेकेदारों द्वारा कथित रूप से बिना अनुमति कटाई की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदारों ने तीन दिन पहले रात के समय पेड़ों की कटाई शुरू की और लगातार कई दिनों तक यह सिलसिला जारी रहा।
ग्रामीणों ने रविवार को वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन दरोगा मौके पर पहुंचे और कटाई रुकवाते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद सोमवार रात को भी कटाई जारी रही। उनका दावा है कि तीन दिनों में 100 से अधिक सागौन के पेड़ काट दिए गए।
शिकायत मिलने के बाद जिला वन अधिकारी के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कटे हुए पेड़ों की जड़ों की गिनती की और उनकी मोटाई का आकलन किया। क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जांच में अब तक करीब 70 पेड़ों की कटाई सामने आई है।
उन्होंने बताया कि पेड़ों की मोटाई अपेक्षाकृत कम होने के कारण पहले 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। अब जांच के आधार पर लगभग एक लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले में अवैध लकड़ी कटान के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ समय पूर्व कायमगंज से लकड़ी लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का वन विभाग ने पीछा किया था, जो शमशाबाद स्थित एक आरा मशीन तक पहुंची थी। उस दौरान वन विभाग की टीम के साथ अभद्रता का मामला भी दर्ज हुआ था। वहीं, हाल ही में कमालगंज क्षेत्र में भी अवैध पेड़ कटान की घटना सामने आई थी।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले में अवैध लकड़ी कटान और वन संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
