फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 जनपद के ग्राम मेहरूपुर सहजू में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने से अधिवक्ता अंकुश सिंह के घर में भारी नुकसान हो गया। आग की घटना में स्कूटी, तख्त, घरेलू सामान तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर पूरी तरह राख हो गए।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने से घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा सामान उसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें देखकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में घर में रखी स्कूटी, तख्त, घरेलू उपयोग का सामान और जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए। हालांकि, समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
