फर्रुखाबाद: पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन ग्राम संवाद’, गांव-गांव पहुंचकर जनता से करेगी सीधा संवाद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 जनपद में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बीट व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से फतेहगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन ग्राम संवाद’ अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 27 जून 2026 से संचालित किया जा रहा है।

अभियान का संचालन कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन, कानपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री यमुना प्रसाद के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में किया जा रहा है। इसकी निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा की जा रही है।

अभियान के तहत जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गांवों, कस्बों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे। बीट पुलिस अधिकारी, उपनिरीक्षक और निरीक्षक ग्राम स्तर पर जनसंवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी जुटा रहे हैं। साथ ही ग्राम अपराध रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को अद्यतन कर ग्रामीणों से उनका सत्यापन भी कराया जा रहा है।

पुलिस अभियान के दौरान कस्बों और मोहल्लों में चल रहे छोटे-छोटे विवादों की गोपनीय जानकारी लेकर उनका समयबद्ध समाधान कराने का प्रयास करेगी। इसके अलावा जुआ, सट्टा, नशा, अवैध खनन जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें दोबारा अपराध से दूर रहने के लिए जागरूक और निर्देशित किया जाएगा।

फतेहगढ़ पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन ग्राम संवाद’ का मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना, स्थानीय सूचनाओं को अद्यतन रखना तथा बीट प्रणाली को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाकर अपराध नियंत्रण को मजबूती प्रदान करना है।