फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, फतेहगढ़ द्वारा जनपद के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से समय रहते अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराने और श्रमिक प्रोफाइल में फेमिली आईडी अपडेट कराने की अपील की गई है, ताकि वे उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ प्राप्त कर सकें।
श्रम विभाग के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में कुल 1,06,757 निर्माण श्रमिक बोर्ड में पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 69,449 श्रमिकों ने ही अब तक अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराया है। बड़ी संख्या में श्रमिकों द्वारा समय पर नवीनीकरण न कराने के कारण उन्हें विलंब शुल्क का भुगतान करना पड़ता है और कई बार योजनाओं का लाभ भी समय से नहीं मिल पाता।
विभागीय परीक्षण में यह भी सामने आया है कि 5,350 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों ने अभी तक अपनी फेमिली आईडी श्रमिक प्रोफाइल में अपडेट नहीं कराई है। फेमिली आईडी अपडेट न होने पर भी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने में बाधा आ सकती है।
सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय ने जनपद के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से आग्रह किया है कि वे प्रत्येक वर्ष अपनी सदस्यता का समय पर नवीनीकरण कराएं तथा अपनी श्रमिक प्रोफाइल में फेमिली आईडी अवश्य दर्ज कराकर उसे अद्यतन रखें, ताकि बोर्ड द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
