फर्रुखाबाद: में ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ, डीएम ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 जनपद में बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ किया गया। सुबह 10 बजे जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर कोतवाली फतेहगढ़, फतेहगढ़ चौराहा होते हुए स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व और “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। अभियान के सफल आयोजन में प्रभारी जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) सुनील प्रताप सिंह एवं विभागीय कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।

इसके बाद विकासखंड मोहम्मदाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय, पिपरगाँव में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव रहीं। उन्होंने वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की तथा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं खंड शिक्षा अधिकारी ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें विद्यालय में प्रवेश दिलाया। बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।

अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव ने छात्र-छात्राओं से जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाया जाए।

शिक्षा विभाग का यह अभियान जन-जागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Comment