फर्रुखाबाद(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जून 2026 राज्य कर विभाग के सौजन्य से दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “व्यापारी कल्याण दिवस” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दानवीर भामाशाह के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जनपद के सर्वाधिक टर्नओवर वाले निवेशकों एवं प्रतिष्ठानों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में प्रथम स्थान पर 54.99 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाली एनके फैब्रिक के नरेश कुमार साध के प्रतिनिधि को सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान पर 37.22 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाली रस्तोगी इंटरप्राइजेज की श्रीमती शालिनी के प्रतिनिधि को सम्मानित किया गया। वहीं, तृतीय स्थान पर 21.16 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाली आरएस कंस्ट्रक्शन के सुधाकर कटियार सहित अन्य प्रतिष्ठानों के स्वामियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भामाशाह ने महाराणा प्रताप के संघर्ष के कठिन दौर में उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान कर राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी निष्ठा का परिचय दिया था। उनका त्याग और समर्पण आज भी अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने व्यापारियों की आर्थिक उन्नति और प्रदेश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए व्यापारी हितों के संरक्षण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
