फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2026 जनपद में “राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026” का शुभारंभ रविवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में फीता काटकर किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने की अपील की।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू हो गया है। अभियान के तहत जनपद के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 28 जून को निर्धारित बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने का कार्य करेंगी।
डीएम ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2 लाख 92 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। सभी बूथों पर आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद बच्चों के अभिभावकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालय, लेबर रूम, महिला वार्ड, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षकों को अस्पताल में साफ-सफाई, बेहतर उपचार व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने नवजात शिशुओं का नियमित टीकाकरण कराने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चे स्वस्थ और मजबूत बन सकें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) समेत स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
