फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2026 थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम अजमतपुर निवासी एक बिजली मिस्त्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अजमतपुर निवासी मेघनाथ शाक्य के 30 वर्षीय पुत्र योगेन्द्र शाक्य शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे बाईपास स्थित कृष्णा पेट्रोल पंप के निकट बिजली फिटिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल योगेन्द्र को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि योगेन्द्र की बाईपास से रेलवे क्रॉसिंग जाने वाले मार्ग के नुक्कड़ पर बिजली की दुकान थी और वह इसी व्यवसाय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। योगेन्द्र चार भाइयों में सबसे छोटे थे।
उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी रिचा और चार वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। घटना के बाद मां, पत्नी समेत परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी शोक की लहर व्याप्त है।
