कासगंज, 24 जून 2026। माह जुलाई में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के सफल संचालन हेतु प्रथम जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत विभाग एवं नगर निकायों को समस्त ग्रामों एवं नगर क्षेत्रों में एंटी लार्वा स्प्रे, फॉगिंग तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। कृषि विभाग को चूहों एवं छछूंदरों से फैलने वाले रोगों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा पशुपालन विभाग को पशुओं से होने वाले रोगों के संबंध में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि डायरिया एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार सभी विभागों के संयुक्त प्रयासों से किया जाए, ताकि जनमानस को जागरूक कर रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, नगर विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
जुलाई में चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को सफल बनाने पर जोर

