फर्रुखाबाद: सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में रिश्वतखोरी का आरोप, अधिवक्ता ने जिलाधिकारी से की कार्रवाई की मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जून 2026 कचहरी परिसर फतेहगढ़ के अधिवक्ता आजम जमां खां ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के एक लिपिक पर रिश्वत लेने और दलालों के माध्यम से फाइलों में हस्तक्षेप कराने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में अधिवक्ता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, अधिवक्ता आजम जमां खां 23 जून 2026 को अपराह्न करीब 4 बजे एक पत्रावली के अवलोकन के लिए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां तैनात लिपिक शिवशंकर से जब उन्होंने पत्रावली के अवलोकन की बात की, तो लिपिक ने बिना “खर्चा-पानी” के कार्य न होने की बात कही और 500 रुपये की मांग की। अधिवक्ता का आरोप है कि लिपिक ने उनसे 500 रुपये रिश्वत के रूप में ले लिए, जिसका वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शहर के चर्चित दलाल एवं आपराधिक मामलों में नामजद रहे सुधीर दिवाकर और सुशील दिवाकर को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में घंटों बैठाया जाता है, जहां वे लोगों की फाइलों के साथ छेड़छाड़ और दलाली का कार्य करते हैं।

अधिवक्ता आजम जमां खां ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित लिपिक के विरुद्ध आवश्यक विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

फिलहाल, मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।

Leave a Comment