फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम ममापुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 100 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा 28 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
इसके बाद टीम ने जनपद की विभिन्न आबकारी अनुज्ञापित दुकानों का औचक निरीक्षण किया। बरझाला स्थित कम्पोजिट दुकान तथा बरझाला, फैजबाग और धमगवां की देशी शराब दुकानों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया।
आबकारी विभाग ने संबंधित अनुज्ञापियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
