फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जून 2026 एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-36 में शुक्रवार को कैडेट्स को शस्त्र संचालन, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। शिविर की शुरुआत प्रातः योग सत्र से हुई, जिसके बाद ड्रिल इंस्ट्रक्टर द्वारा कैडेट्स को परेड एवं ड्रिल का प्रशिक्षण दिया गया।
पूर्वाह्न 10 बजे आयोजित विशेष व्याख्यान में आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. रनधीर सिंह ने प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं से निपटने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूकंप, वज्रपात और सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ बम विस्फोट, आग लगना, सड़क एवं रेल दुर्घटनाएं मानव निर्मित आपदाओं की श्रेणी में आती हैं। उन्होंने आपदा के समय एनसीसी कैडेट्स की भूमिका, राहत कार्यों में सहभागिता तथा पीड़ितों तक सुरक्षित ढंग से सहायता पहुंचाने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
डॉ. सिंह ने कहा कि किसी भी राहत एवं बचाव कार्य में सबसे पहले स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके बाद ही दूसरों की मदद प्रभावी रूप से की जा सकती है।
शिविर में कैप्टन गिरिजा शंकर ने डॉग बाइट और रैबीज जैसी गंभीर बीमारी के प्रति कैडेट्स को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि कुत्ते, बिल्ली, बंदर सहित अन्य संक्रमित जानवरों के काटने या पंजा मारने से रैबीज का खतरा होता है। इससे बचाव के लिए पालतू जानवरों का नियमित टीकाकरण तथा किसी भी जानवर के काटने पर तत्काल वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी है।
कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने और पालतू पशुओं के नियमित टीकाकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पशु के काटने की स्थिति में वैक्सीन की पूरी डोज लेना अनिवार्य है।
कार्यक्रम के अंत में कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने अतिथि वक्ता डॉ. रनधीर सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इसके उपरांत शिविर में शामिल 12 विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स के बीच “सोशल मीडिया : अभिशाप या वरदान” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कैंप एडजुटेंट कैप्टन गिरिजा शंकर, लेफ्टिनेंट राजेश दुबे तथा सेकंड ऑफिसर संतोष शुक्ला ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान ने संभाली।
इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट मेजर संदीप माधव, चीफ ऑफिसर सतीश चंद्र यादव, सूबेदार मेजर नवीन कुमार, ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार गिरिराज किशोर, सूबेदार दिनेश सिंह, जीसीआई अंजलि, हवलदार दीपक सिंह सहित समस्त पी-स्टाफ उपस्थित रहा।
