फर्रुखाबाद:रेलवे का ऐसा जुनून कि घर को ही बना दिया ट्रेन का डिब्बा,जनपद का अनोखा आशियाना बना चर्चा का विषय

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2026 आपने ताजमहल की तर्ज पर बने घर देखे होंगे, महलों जैसी आलीशान कोठियां भी देखी होंगी, लेकिन क्या कभी ऐसा मकान देखा है जो बिल्कुल रेलवे के डिब्बे जैसा दिखाई देता हो? फर्रुखाबाद में एक ऐसा अनोखा घर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसे देखकर पहली नजर में हर कोई यही सोचता है कि आखिर यह घर है या फिर रेलवे का कोई कोच।

फर्रुखाबाद आईटीआई के पास स्थित इस अनोखे मकान को रेलवे प्रेमी अश्वनी कुमार कुशवाहा ने अपने सपनों के घर के रूप में तैयार कराया है। रेलवे के प्रति उनका लगाव इतना गहरा है कि उन्होंने अपने आशियाने को ही रेलगाड़ी का स्वरूप दे दिया। घर के बाहर बड़े अक्षरों में “कानपुर से कासगंज” और “कासगंज से कानपुर” लिखा गया है, जिससे यह किसी वास्तविक रेल डिब्बे जैसा प्रतीत होता है।

इस घर की सबसे खास बात इसकी बनावट है। मकान की खिड़कियां रेलवे कोच की स्लाइडिंग खिड़कियों की तरह बनाई गई हैं। दूर से देखने पर पूरा घर किसी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन का आभास कराता है। राहगीर और आसपास के लोग जब पहली बार इसे देखते हैं तो कुछ क्षणों के लिए ठिठक जाते हैं।

घर के मालिक अश्वनी कुमार बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें रेलवे से विशेष लगाव रहा है। ट्रेन की सीटी, पटरियों पर दौड़ती रेलगाड़ियों की आवाज और रेल यात्राओं की यादें उनके जीवन का अहम हिस्सा रही हैं। इसी प्रेम ने उन्हें अपने घर को रेलवे कोच जैसा बनाने की प्रेरणा दी।

उनकी दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब छोटी लाइन की ट्रेनों के डिब्बों का रंग लाल हुआ करता था, तब उन्होंने अपने पूरे घर को लाल रंग से रंगवा दिया था। बाद में जब ब्रॉड गेज ट्रेनों के डिब्बों का रंग नीला होने लगा तो उन्होंने अपने घर के दरवाजों और बाहरी हिस्सों को भी उसी रंग में ढाल दिया।

आज यह अनोखा घर न केवल इलाके की पहचान बन चुका है, बल्कि रेलवे प्रेमियों और उत्सुक लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बन गया है। सोशल मीडिया पर भी इस घर की तस्वीरें लोगों का ध्यान खींच रही हैं।

अजीबोगरीब और अनूठी डिजाइन वाले मकानों की दुनिया में यह घर अपनी अलग पहचान रखता है। रेलवे के प्रति समर्पण और प्रेम का ऐसा उदाहरण शायद ही कहीं और देखने को मिले, जहां किसी व्यक्ति ने अपने शौक को अपने घर की पहचान बना दिया हो।

Leave a Comment