फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2026 भारतीय किसान यूनियन (अखंड प्रदेश) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कायमगंज के उप जिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह पर किसानों के साथ कथित अभद्र व्यवहार, तानाशाहीपूर्ण कार्यशैली तथा गौशालाओं में हो रही गोवंश की मौतों को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए।
किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय प्रशासनिक स्तर पर उनकी अनदेखी की जा रही है। संगठन का आरोप है कि उप जिलाधिकारी द्वारा किसानों के साथ लगातार मनमाना और असम्मानजनक व्यवहार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि किसानों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा गौशालाओं की स्थिति का भी गंभीरता से संज्ञान लिया जाए। संगठन ने आरोप लगाया कि गौशालाओं में व्यवस्थाओं की कमी के चलते गोवंश की मौतें हो रही हैं, जिसकी उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान यूनियन (अखंड प्रदेश) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राजेश कुमार दीक्षित, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोमवंशी, राष्ट्रीय सचिव अवधेश सोमवंशी, प्रदेश सचिव विवेक सिंह, प्रदेश सचिव सुनील गिहार, राष्ट्रीय प्रवक्ता छविनाथ उर्फ छन्नू, ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मदाबाद पूरन राठौर, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह, संगठन कोषाध्यक्ष आशीष कुमार यादव, तहसील उपाध्यक्ष अनूप मिश्रा, विनोद प्रधान, सर्वेश सिंह, आदित्य मिश्रा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
