कासगंज: जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सोरों में सोमवती अमावस्या मेले की यातायात एवं व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोरों में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सोमवार को सौरो क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन मार्गों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मेले के दौरान निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर संजीव कुमार सिंह व पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सवांददाता : प्रवेंद्र सक्सेना

Leave a Comment