शरद पवार गुट और TMC के कांग्रेस में विलय के मुद्दे पर AAP का बड़ा बयान

तृणमूल कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी के विलय को लेकर सामने आ रहे बयानों के बीच आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने प्रतिक्रिया की. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जो पार्टियां कांग्रेस से समय-समय पर अलग हुईं हैं, उनके और कांग्रेस के बीच की बात है. अगर उनको लगता है कि इससे कोई फायदा है तो बिल्कुल विलय करना चाहिए और अगर उनको लगता है कि इससे फायद नहीं है तो नहीं करना चाहिए. मगर यह इन लोगों की बात है, इसके ऊपर हम क्या कह सकते हैं.

टीएमसी के 19 सांसदों के पार्टी से बगावती रुख अपनाने पर सौरभ भारद्वाज ने कहा, “जिस तरीके से एक नया ट्रेंड भारत की राजनीति में शुरू किया गया है कि आप किसी पार्टी के टिकट पर सांसद बनें, आप किसी नेता के नाम से जीतकर आएं और बाद में लालच या डर या फिर किसी और कारण से अपनी पार्टी बना लें यह सीधे तौर पर विश्वासघात है.”

सौरभ भारद्वाज ने मामले पर आगे कहा, “इस तरीके के जो आचरण हैं इसको जनता द्वारा हमेशा से बुरा कहा जाता रहा है, लेकिन अब जो है चाणक्य नीति के नाम से इसका महिमामंडन किया जाता है जो कि गलत है. मुझे लगता है कि जो यह लेटर जो घूम रहा है यह लेटर जितना दिखा रहा है उससे ज्यादा यह बातों को छिपा रहा है.”

Leave a Comment