फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जून 2026 अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सोमवार को जनपद के भ्रमण के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर गार्द सलामी ली। इसके उपरांत उन्होंने सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, प्रभावी अभियोजन तथा अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की प्रगति का आकलन किया गया। एडीजी ने अधिकारियों को साइबर अपराधों के त्वरित अनावरण एवं रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, संवेदनशील मामलों में प्रभावी कार्रवाई तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान पुलिस कर्मियों के कल्याण, अनुशासन, प्रशिक्षण एवं कार्यक्षमता में वृद्धि के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया। एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग को प्राथमिकता दें।
समीक्षा गोष्ठी के बाद एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों तथा अभिलेखों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
पुलिस विभाग के इस निरीक्षण और समीक्षा बैठक को जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
