उर्वशी ढोलकिया और अनीता हसनंदानी ने साल 2001 में आए टीवी ‘कभी सौतन कभी सहेली’ में साथ काम किया था, और तभी से उनके बीच गहरी दोस्ती हो गई थी। अनीता भी उर्वशी को हमेशा से अपनी इंस्पिरेशन मानती रही हैं, फिर ऐसा क्या हुआ कि उर्वशी ढोलकिया को अनीता से अब माफी मांगनी पड़ी? बात 13 साल पुरानी है, जिसका जिक्र हाल ही राजीव खंडेलवाल के टीवी शो ‘तुम हो ना’ में हुआ।
उर्वशी ढोलकिया और अनीता हसनंदानी ‘तुम हो ना’ के आने वाले एपिसोड में नजर आएंगी। इसमें दोनों का इमोशनल मिलन दिखाया जाएगा। साथ ही उर्वशी ने अनीता हसनंदानी से माफी भी मांगी क्योंकि वह 13 साल पहले उनकी शादी में शामिल नहीं हो सकी थीं। उर्वशी ने कहा कि उस वक्त उनका पूरा ध्यान सिर्फ कमाने और करियर बनाने पर था ताकि परिवार और बच्चों को अच्छी जिंदगी दे सकें। वह खुद को भी समय नहीं दे पाती थीं।
उर्वशी ढोलकिया ने अनीता के लिए कहा, ‘जब अनीता की शादी हुई तब मैं नहीं जा सकी, क्योंकि मैं काम कर रही थी। मेरी जिंदगी थोड़ी अलग ही रही है, काम से घर और घर से काम। अब जैसे मैंने आपको बताया मेरे पास जरा भी वक्त नहीं था। न मैं अपने बच्चों को वक्त दे पाई, ना किसी चीज को वक्त दे पाई। मेरा फोकस बस यही था कि काम करो, पैसे कमाओ, घर चलाओ, माता-पिता को अच्छी जिंदगी दो, बच्चों को जिंदगी दो।’
उर्वशी ढोलकिया ने स्वीकार किया कि पैसे कमाने और अपने परिवार को सपोर्ट करने के चक्कर में, उन्होंने जिंदगी के कई खास पलों को खो दिया। उर्वशी ने कहा कि उन्हें जिंदगी में सबसे ज्यादा अफसोस इस बात का होता है कि वह बेस्ट फ्रेंड अनीता हसनंदानी की शादी में शामिल नहीं हो सकीं। इसके लिए वह माफी मांगते हुए अनीता से बोलीं, ‘मैं दिल से इस बात के लिए माफी मांगती हूं कि मैंने तुम्हारा सबसे स्पेशल दिन मिस कर दिया।’
