फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद भर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों, ब्लॉकों एवं बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने जहानगंज मार्ग स्थित राजपूताना पब्लिक स्कूल परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संगठन द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जनपद भर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक है। पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, पूर्व जिला महामंत्री डीएस राठौर, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, अभिषेक बाथम, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई, पंकज पाल, योगेंद्र सिंह चौहान, पिछड़ा मोर्चा महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, आशीष दुबे, डीडीओ श्याम कुमार तिवारी तथा आरएफओ अनूप कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं कायमगंज ग्रामीण मंडल में जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने सीपी विद्या निकेतन स्कूल एवं हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” वृहद वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष महेंद्र राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज गंगवार, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह सिसोदिया, मनोज चौहान, श्याम सिंह शाक्य, आलोक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा के इस अभियान के माध्यम से जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
