फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के तत्वावधान में डीएनपीजी कॉलेज में जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी सीनियर कैडेट वंदिनी ने किया। इस अवसर पर लगभग 50 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के कमान अधिकारी कर्नल ए.एस. मलिक के निर्देशन में किया गया। म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य एवं एनसीसी अधिकारी कैप्टन गिरिजा शंकर तथा डीएनपीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एनसीसी अधिकारी डॉ. (लेफ्टिनेंट) सत्येंद्र मिश्रा ने संयुक्त रूप से कैडेट्स के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में कैप्टन गिरिजा शंकर ने कहा कि मानव जीवन प्रकृति के पांच तत्वों—क्षिति, जल, पावक, गगन और समीर—पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रकृति से छेड़छाड़ के गंभीर दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से पॉलिथीन का उपयोग न करने तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।
डॉ. (लेफ्टिनेंट) सत्येंद्र मिश्रा ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने भी पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सभी से सक्रिय योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और भविष्य में भी पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
