फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जून 2026 भारत सरकार द्वारा बच्चों की असाधारण प्रतिभा एवं उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए दिए जाने वाले प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) 2026 हेतु पात्र बच्चों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार तथा महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद स्तर पर पात्र बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं संगठनों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों की पहचान कर उनका आवेदन निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पोर्टल पर कराएं।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक कार्य किए हों। पुरस्कार के लिए वही बच्चे पात्र होंगे जिनकी आयु 31 जुलाई 2026 तक 5 वर्ष से कम नहीं तथा 18 वर्ष से अधिक नहीं हो और जो भारतीय नागरिक होकर भारत में निवास करते हों।
पुरस्कार हेतु आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इसके लिए भारत सरकार का आधिकारिक पोर्टल awards.gov.in 1 अप्रैल 2026 से सक्रिय है। आवेदन एवं नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि योग्य बच्चों के ऑनलाइन आवेदन कराने के साथ-साथ आवेदन की एक प्रति जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि समयबद्ध रूप से पात्र बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
अधिकारियों ने अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक प्रतिभाशाली एवं उपलब्धि प्राप्त बच्चों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नामित करने की अपील की है।
