फर्रुखाबाद में ओवरलोड और अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 5 वाहन सीज, ₹3.69 लाख जुर्माना वसूला

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 2 जून 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में एआरटीओ, पुलिस विभाग तथा खनन विभाग की संयुक्त टीम ने फर्रुखाबाद एवं मोहम्मदाबाद क्षेत्र में ओवरलोड और अवैध खनन के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 5 ओवरलोड वाहनों को पकड़ा गया और उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर कुल ₹3.69 लाख का जुर्माना लगाया गया।

जांच के दौरान पकड़े गए वाहनों में से दो वाहनों के पास खनन विभाग की वैध रॉयल्टी नहीं पाई गई। इन वाहनों पर खनन विभाग द्वारा ₹1.13 लाख तथा परिवहन विभाग द्वारा ₹80 हजार का जुर्माना लगाया गया। दोनों वाहनों में गिट्टी लदी हुई थी, जो मध्य प्रदेश से लाई जा रही थी, लेकिन उनके पास उत्तर प्रदेश के लिए आवश्यक वैध प्रपत्र उपलब्ध नहीं थे।

इसके अलावा बालू परिवहन कर रहे एक वाहन को ओवरलोड पाए जाने पर ₹35 हजार का जुर्माना लगाया गया। वहीं दो अन्य वाहन विभिन्न प्रकार की सामग्री ओवरलोड ढोते हुए पाए गए, जिन पर कुल ₹61 हजार का जुर्माना लगाया गया।

अभियान में खनन अधिकारी, यातायात प्रभारी तथा एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशानुसार ओवरलोडिंग और अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। खनन सामग्री का परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही है ताकि राज्य सरकार के राजस्व की किसी भी प्रकार की चोरी न हो सके।

जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के माध्यम से सभी क्षेत्राधिकारियों, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखें तथा ऐसे मामलों में तत्काल वाहन सीज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

प्रशासन का कहना है कि जनहित और राजस्व संरक्षण के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment