हरदोई:महुआकोला बुद्ध विहार भूमि विवाद: समय रहते निर्णय न होने से बढ़ा मामला, प्रशासन से समाधान की मांग।

हरदोई:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मई 2026 जनपद के ग्राम महुआकोला थाना बेनीगंज स्थित बुद्ध विहार भूमि को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते उचित निर्णय लिया गया होता तो वर्तमान स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

बताया गया कि यह तस्वीर दिनांक 24 जून 2024 की है, जब संबंधित क्षेत्रीय कानूनगो एवं लेखपाल बुद्ध विहार की भूमि की जांच और पैमाइश के लिए पहुंचे थे। यह जांच उस प्रार्थनापत्र के आधार पर की गई थी जो भगवान बुद्ध की मूर्ति स्थापना की अनुमति के लिए उपजिलाधिकारी संडीला को दिया गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार जांच के दौरान क्षेत्रीय कानूनगो एवं लेखपाल ने अपनी आख्या में स्पष्ट उल्लेख किया था कि जिस भूमि पर भगवान बुद्ध की मूर्ति स्थापित की जानी प्रस्तावित है, वह विवादित नहीं है। इसके बावजूद उस समय प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

अब स्थिति यह है कि पुनः अनुमति के लिए प्रार्थनापत्र दिए जाने के साथ पहले से स्थापित मूर्ति को हटाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण यह विवाद और अधिक गंभीर रूप लेता जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि सामाजिक समरसता, भाईचारा और शांति व्यवस्था कायम रह सके।

लोगों का यह भी कहना है कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ समय पर निर्णय लेना चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार के तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

Leave a Comment