फर्रुखाबाद में दर्दनाक हादसा: झोपड़ी में लगी भीषण आग, 2 वर्षीय मासूम की जिंदा जलकर मौत, दादी गंभीर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मई 2026 जनपद के कायमगंज थाना क्षेत्र स्थित कमरुद्दीन नगर गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। झोपड़ी में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से 2 वर्षीय मासूम बच्ची कुसुम प्रभा की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसकी दादी जदुरानी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार दोपहर के समय परिवार के सदस्य झोपड़ी में आराम कर रहे थे। इसी दौरान झोपड़ी के पीछे से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि मासूम बच्ची को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका।

घटना के दौरान बच्ची की दादी जदुरानी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह स्वयं भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल बन गया।

आग लगने से झोपड़ी में रखा गेहूं, चारपाई और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग की लपटें उठती देख तत्काल मौके पर पहुंचकर हैंडपंप के पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, थानाध्यक्ष नितिन कुमार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गांव की संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर।

Leave a Comment