फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मई 2026 उद्यान विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत फर्रुखाबाद जनपद के किसानों हेतु विभिन्न योजनाओं में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों एवं कृषि यंत्रीकरण से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है।
कार्यालय आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, फर्रुखाबाद से जारी प्रेस नोट के अनुसार संकर शाकभाजी कार्यक्रम एवं बागवानी मशीनीकरण योजनाओं के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि योजना का लाभ “प्रथम आवक, प्रथम पावक” के आधार पर दिया जाएगा।
संकर शाकभाजी कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्य
सामान्य वर्ग के लिए 30 हेक्टेयर
अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 10 हेक्टेयर
कुल लक्ष्य – 40 हेक्टेयर
बागवानी मशीनीकरण योजना के अंतर्गत उपलब्ध कृषि यंत्र
ट्रैक्टर 20 बीएचपी तक – 01 इकाई
पॉवर ट्रिलर 8 बीएचपी तक – 01 इकाई
पॉवर ट्रिलर 8 बीएचपी से अधिक – 01 इकाई
पॉवर नैपसेक स्प्रेयर (12 से 16 लीटर क्षमता) – सामान्य वर्ग हेतु 02 इकाई एवं अनुसूचित जाति वर्ग हेतु 01 इकाई
आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज
दो पासपोर्ट साइज फोटो
आधार कार्ड की छायाप्रति
बैंक पासबुक की छायाप्रति
खसरा / खतौनी की छायाप्रति
फार्मर आईडी
जाति प्रमाण-पत्र (अनुसूचित जाति वर्ग हेतु)
10 रुपये के स्टॉम्प पेपर पर नोटरी शपथ पत्र
यहां करें आवेदन
इच्छुक किसान अपने आवेदन पत्र कार्यालय आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, कक्ष संख्या-57, विकास भवन फतेहगढ़, फर्रुखाबाद में जमा कर सकते हैं।
विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाएं और आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं।
