फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मई 2026 ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह एवं अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने थाना कादरीगेट क्षेत्रांतर्गत पांचालघाट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में तैनात पुलिस बल, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने घाटों पर भीड़ नियंत्रण, स्नान स्थलों की निगरानी, पार्किंग व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी समीक्षा की। इस दौरान स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
