हिमाचल : सीएम सुक्खू बोले- 2030 तक हिमाचल में हरित आवरण 32 फीसदी करने का लक्ष्य

हिमाचल के हरित आवरण में वृद्धि के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने महत्वाकांक्षी मिशन 32 प्रतिशत शुरू किया है। इस मिशन का उद्देश्य वर्ष 2030 तक हिमाचल प्रदेश के हरित आवरण में 32 प्रतिशत तक विस्तार करना है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल के अनुरूप वन विभाग की ओर से राज्य की पारिस्थितिकी को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार कर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की बहुआयामी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने और निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए एक समग्र कार्ययोजना तैयार की गई है। वर्तमान में राज्य का वन क्षेत्र 29.5 प्रतिशत है, जिसे वर्ष 2030 तक बढ़ाकर 32 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन क्षेत्र के विस्तार से जैव विविधता संरक्षण, पारिस्थितिकीय पुनर्स्थापन, मिट्टी और जल संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ, इस पहल से वनीकरण, कृषि वानिकी तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से ग्रामीण समुदायों के लिए सतत आजीविका के अवसर भी सृजित होंगे। इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कैम्पा, बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं तथा अन्य विभागीय योजनाओं के अंतर्गत पौधरोपण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 8,000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें फलदार एवं देशी किस्मों के पौधों लगाने पर विशेष बल दिया जाएगा।