फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों के पर्चों की जांच की, जहां आज 200 मरीजों का पंजीकरण पाया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज की आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटल रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जा सके।
आयुष ओपीडी में दवाओं की सूची प्रदर्शित न होने पर जिलाधिकारी ने सूची चस्पा कराने के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल की बेडशीट एवं बाथरूम गंदे मिलने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।
डीएम ने बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। डस्टबिन निर्धारित कलर कोडिंग के अनुरूप न मिलने और गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मानकों के अनुसार व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मरीजों को दिए जाने वाले दवा पर्चों पर दवा की खुराक और सेवन अवधि स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। साथ ही सभी चिकित्सक कक्षों में उपलब्ध दवाओं की सूची प्रदर्शित करने और दवाओं का पूरा डाटा कम्प्यूटर में सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० रंजन गौतम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
