‘पीएम को शर्मिंदा करें’, ध्रुव राठी की पोस्ट देखकर भड़कीं गुल पनाग; यूट्यूबर को दे डाली नसीहत

यूट्यूबर ध्रुव राठी मोदी सरकार और उसकी नीतियों की आलोचना करने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर पीएम को लेकर एक पोस्ट की है। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के बाद एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस ना करने पर पीएम मोदी की आलोचना की है। यह आलोचना अभिनेत्री गुल पनाग को पसंद नहीं आई है। उन्होंने यूट्यूबर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा प्रधानमंत्री के पद को विदेशी धरती पर एक मजाक बना देना उन्हें सही नहीं लगता।

ध्रुव राठी ने एक्स पर लिखा ‘पीएम मोदी जहां भी जाएं, उन्हें हर जगह शर्मिंदा किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री बनने के बाद से 12 वर्षों में उन्होंने एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है। एक नेता होने के नाते पारदर्शिता और जवाबदेही की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में वे नाकाम रहे हैं। मैं यूरोपीय देशों के पत्रकारों को बढ़ावा देना चाहूंगा कि वे जहां भी पीएम मोदी को देखें, उनसे सवाल पूछें, ठीक वैसे ही जैसे हेले लिंग ने किया था। उन्हें इतना शर्मिंदा करें कि वे लोगों के सामने जवाब देने पर मजबूर हो जाएं। आप भारत की तरक्की के लिए सेवा कर रहे होंगे।’

ध्रुव राठी के इस ट्वीट का जवाब देते हुए गुल पनाग ने लिखा ‘आप किसी प्रधानमंत्री को नापसंद कर सकते हैं, सरकार से असहमत हो सकते हैं, डिबेट कर सकते हैं और अलग तरह से वोट कर सकते हैं। यही लोकतंत्र है। लेकिन भारत के प्रधानमंत्री के ऑफिस और विदेश में वे जिसे रिप्रेजेंट करते हैं, उसका विदेशी धरती पर मजाक बनाना सही नहीं है। यह विरोध का सही तरीका नहीं है, बल्कि इससे हमारा ही नुकसान होता है।’

आपको बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी नॉर्वे दौरे पर थे। ओस्लो में नॉर्वे की पत्रकार हेले लेंग ने प्रधानमंत्री से कुछ सवाल पूछने की कोशिश की। पीएम मोदी उनके सवाल का जवाब दिए बिना वहां से चले गए। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने पीएम मोदी का समर्थन किया तो कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की। ध्रुव राठी का पोस्ट भी इसी से जुड़ा है।

Leave a Comment