फर्रुखाबाद:कलेक्ट्रेट परिसर में साइकिल पार्किंग अब पूरी तरह निःशुल्क

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देशों के क्रम में जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वाहन पार्किंग में साइकिलों को पार्किंग शुल्क से पूर्णतः मुक्त कर दिया गया है। इस संबंध में अरूण कुमार सिंह द्वारा आदेश जारी कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार अब कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले आमजन अपनी साइकिलों को पार्किंग स्थल में निःशुल्क खड़ी कर सकेंगे। प्रशासन का उद्देश्य साइकिल उपयोग को प्रोत्साहित करना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों को किफायती एवं सुविधाजनक परिवहन के लिए प्रेरित करना है।
अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं पार्किंग संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी साइकिल चालक से पार्किंग शुल्क न लिया जाए तथा आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले नागरिकों को इस नई व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
जनपद प्रशासन की यह पहल स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे आमजन के हित में लिया गया सकारात्मक फैसला बताया है।

Leave a Comment